Tuesday, October 20th, 2026

सोशल मीडिया पर अपील शुरू, 24 घंटे के भीतर बैंक खाते में जमा होगा मंदिर निर्माण का चंदा

भोपाल
अयोध्या में बन रहे श्री राम मंदिर के निर्माण के लिए निधि संग्रह में जुटी आरएसएस व विहिप की टीम के साथ अब बीजेपी के लोग में सहयोग करेंगे। इसके लिए भाजपा के प्रदेश संगठन ने पार्टी नेताओं को निर्देश देकर तन मन धन से समर्पण करने के लिए कहा है। उधर इस निधि संग्रह अभियान की समिति का यह फैसला हर टोली को ध्यान रखना होगा कि जो पैसा लोगों द्वारा आस्थाभाव से मंदिर निर्माण के लिए दिया जाएगा, उसे 48 घंटे के भीतर बैंक खाते में जमा करना होगा। यह बैंक खाते पीएनबी, बैंक आफ बड़ौदा और स्टेट बैंक में हैं जिसके कोड टोलियों को दिए जाएंगे।

मध्यप्रदेश में इस निधि संग्रह अभियान के प्रभारी अखिलेश्वरानंद 14 जनवरी से शुरू होने वाले धन संग्रह अभियान के लिए संत समाज को साथ लेकर निकलेंगे। इसके लिए निधि संग्रह अभियान में जुटी कमेटी ने तय किया है कि संत समागम के जरिये श्री राम मंदिर के निर्माण की कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी देने का काम भी किया जाएगा। निधि संग्रह अभियान समिति के सह प्रभारी ओपी सिसोदिया ने बताया कि जो लोग धर्मसभा के माध्यम से राशि देना चाहते हैं और वे भी इस महाअभियान में शामिल हो सकते हैं। श्योपुर में कल धर्मसभा के दौरान कुछ लोगों ने कूपन से अधिक राशि देने की घोषणा की है। इन्हें रसीद देकर राशि लेने और बैंक खातों में जमा कराने का काम किया जाएगा।

उधर निधि संग्रह अभियान में जुटने के लिए प्रदेश संगठन का निर्देश मिलने के बाद भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर एक्टिव हो गए हैं। वे ट्विटर, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर हिन्दू परिवारों से श्री राम मंदिर निर्माण के लिए 14 जनवरी से शुरू होने वाले अभियान में खुलकर सहयोग देने का आह्वान कर रहे हैं। गौरतलब है कि प्रदेश में 50 हजार गांवों के सवा करोड़ परिवारों तक इस अभियान में पहुंचने का संकल्प विहिप व आरएसएस की निधि संग्रह अभियान समिति ने लिया है।

 

#सोशल मीडिया

Source : Agency

पाठको की राय